7 अप्रैल: शाहपुर (कांगड़ा) के नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 (गोरडा-खपरनाला) में कुत्तों का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। आवारा और पालतू कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग रोजमर्रा के रास्ते बदलने को मजबूर हो गए हैं।
मंगलवार को वार्ड के स्थानीय लोगों ने उम्मीदवार नितिन कौशल की अगुवाई में एसडीएम शाहपुर को शिकायत सौंपकर इस समस्या पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि एक मकान में रहने वाले किरायेदारों ने करीब 19 कुत्ते पाल रखे हैं, जिन्हें अक्सर खुला छोड़ दिया जाता है। ये कुत्ते राहगीरों पर झपटते हैं और कई बार काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग मुख्य रास्ते से आना-जाना छोड़ चुके हैं। जहां पहले कुछ ही मिनटों में गंतव्य तक पहुंचा जा सकता था, अब लोगों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। खासकर रात के समय घर लौटने वाले लोगों में ज्यादा डर बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मुद्दे पर बात करने पर संबंधित लोग विवाद करने लगते हैं। अब तक 3 से 4 लोगों को कुत्तों के काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने पुलिस, नगर पंचायत और पशुपालन विभाग से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलते ही नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान सुषमा देवी, सरला देवी, सिमरता देवी सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।