शाहपुर में अब मुंहमांगी बधाई नहीं मांग सकेंगे किन्नर, नगर पंचायत ने तय की राशि

Spread the love

शादी पर 3100 तो जन्म पर 2100 तय की बधाई राशि, अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई

आवाज़ ए हिमाचल

बबलू सूर्यवंशी, शाहपुर।

21 जून। शाहपुर नगर पंचायत के तहत शादी-विवाह या जन्म के मौके पर किन्नर समुदाय अब मुंहमांगी बधाई नहीं मांग सकेंगे। नगर पंचायत शाहपुर ने शादी या जन्म के मौके पर किन्नर समुदाय को बधाई के रूप में दी जाने वाली राशि तय कर दी है। इस बारे प्रस्ताव पारित कर आदेश भी जारी हो गए हैं। नगर पंचायत शाहपुर के तहत अब जन्म पर 2100 व शादी पर 3100 रुपए से अधिक बधाई राशि नहीं वसूल सकेंगे। अगर कोई किन्नर ज्यादा राशि लेने का दबाव बनाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यहां बता दें कि किन्नर समाज शादी व जन्म के अवसर पर लोगों के घर-घर जाकर बधाई के रूप में मनचाही राशि बसूलते हैं। कई बार वे अधिक राशि लेने पर अड़ जाते हैं, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतें आती हैं। इसके चलते सबसे ज्यादा दिक्कतें गरीब लोगों को झेलनी पड़ती हैं। इसी चक्कर में कभी कबार तो नौबत लड़ाई-झगड़े तक पहुंच जाती है। इस बारे नगर पंचायत शाहपुर को काफी समय से शिकायतें आ रही थी तथा यही बजह है कि नगर पंचायत ने बधाई राशि तय कर दी है।

तय राशि से अधिक वसूली तो होगी कार्रवाई: आदित्य चौहान

नगर पंचायत के सचिव आदित्य चौहान ने कहा कि शादी व जन्म के मौके पर किन्नर समुदाय द्वारा बसूली जाने वाली बधाई राशि तय कर दी है। जन्म पर 2100 व शादी पर 3100 राशि तय की गई है। इससे अधिक राशि नहीं वसूली जा सकेगी। अगर कोई अधिक या मनमाने ढंग से अधिक राशि वसूलता है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आदित्य चौहान।

लोगों की शिकायत पर तय की बधाई राशि: निशा शर्मा

नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष निशा शर्मा ने बताया कि किन्नर समुदाय द्वारा शादी व जन्म के दौरान लोगों से मनमाफिक राशि वसूल की जाती थी, जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शाहपुर नगर पंचायत के लोगों को परेशानी न हो इसके लिए शादी व जन्म के दौरान दी जाने वाली बधाई राशि तय कर दी है। इससे अधिक राशि नहीं वसूली जा सकेगी।

निशा शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *