20 फरवरी: अग्रणी सामाजिक संस्था ‘सार्थक’ ने चम्बी स्थित रजत होटल में आयोजित एक सादे समारोह में राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले क्षेत्र के छात्र-छात्रा खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को उनके अभिभावकों सहित गिफ्ट हैम्पर, स्मृति-चिह्न, सार्थक मैडल तथा नकद राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि वीरेन्द्र सिंह गुलेरिया (प्रधानाचार्य एवं सार्थक सदस्य) ने की। समारोह में कुल 22 छात्र-छात्रा खिलाड़ियों को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्था के अध्यक्ष लोकेश नंदन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन भर साथ निभाने वाली साधना है।
इस अवसर पर सार्थक संस्था के 20 सम्मानित सदस्यों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि ‘सार्थक’ एक पंजीकृत संस्था है, जिसके लगभग 150 सदस्य हैं। संस्था पूर्व में कोविड महामारी, प्राकृतिक आपदाओं, जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, प्रतिभावान विद्यार्थियों और गंभीर रोगियों की आर्थिक सहायता कर चुकी है।
इस संबंध में जानकारी संस्था के सदस्य एवं मीडिया प्रभारी अशोक शर्मा ने दी।