शादी से इनकार पर सनकी युवक ने आधी रात को फूंक दिया लड़की का घर

आवाज ए हिमाचल

22 फरवरी।जिला कुल्लू के उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत कुठेड़ के कटाहर गांव में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से आक्रोशित एक युवक ने लड़की के घर में आग लगा दी। गनीमत यह रही कि पड़ोसियों की सतर्कता और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।पीड़ित राजेश कुमार पुत्र कृष्ण लाल निवासी कटाहर (तांदी) ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार द्वारा रिश्ता ठुकराने पर आरोपी ने दो दिन पहले ही फोन पर धमकी दी थी कि यदि उसकी शादी नहीं करवाई गई तो वह पूरे परिवार को घर के अंदर आग लगाकर खत्म कर देगा।शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजेश कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन के बाद सो गए थे। लगभग 10:30 बजे घर की बाहरी दीवारों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने आग देखी और जोर-जोर से चिल्लाकर परिवार को सतर्क किया। शोर सुनकर राजेश और उनके परिजन तुरंत जागे और किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गया।आगजनी में पुराने मकान के लिए अलग रखी गई कीमती देवदार की लकड़ी जलकर राख हो गई। एक कमरे में रखी सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी और बिजली के मीटर की तारें भी पूरी तरह नष्ट हो गईं।सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लुहरी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *