27 फरवरी: जिला मुख्यालय के समीपवर्ती क्षेत्र जलग्रा टब्बा में एक 30 वर्षीय विवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रजनी देवी (30), पत्नी केवल कुमार, निवासी जलग्रा टब्बा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनका पति पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नाइजीरिया में कार्यरत है। बुधवार को पति के जन्मदिन के अवसर पर दोनों के बीच व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि बातचीत के कुछ समय बाद रजनी अपने कमरे में चली गईं, जहां बाद में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
रजनी का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व हुआ था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि एसएचओ इंस्पेक्टर गौरव भारद्वाज की देखरेख में मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।