विश्व कैंसर दिवस पर आईआरजी ने तीन स्थानों पर चलाया जागरूकता अभियान

बीबीएन | 4 फरवरी | कविता शांति गौतम

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड ग्रोथ (IRG) द्वारा ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से बद्दी क्षेत्र में एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन को कैंसर के बढ़ते मामलों, लक्षणों, समय पर पहचान और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

उप-स्वास्थ्य केंद्र सुराजमाजरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा और पूनम शर्मा ने महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षण, स्वयं जांच की विधि, नियमित जांच तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर इसका सफल उपचार संभव है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्दी में आयोजित जागरूकता सत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्वेता शर्मा और रीना शर्मा ने महिलाओं को स्तन कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं बरोटीवाला के लोअर बटेड क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 35 से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। इस सत्र में डॉ. अंजलि ने बताया कि वर्तमान समय में सबसे अधिक मामले स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर और मुख कैंसर के सामने आ रहे हैं। उन्होंने तंबाकू सेवन, असंतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और समय पर स्वास्थ्य जांच न करवाने को कैंसर के प्रमुख कारण बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता ज्योति ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

तीनों स्थानों पर आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों में कुल 200 लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस तरह के जन-जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *