लाहुल स्‍पीति जिला के त्रिलोकनाथ में हिमस्‍खलन से सड़क बंद

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

24 फरवरी। लाहुल की पटन घाटी के त्रिलोकनाथ मार्ग पर हिमस्खलन होने से आवाजाही अवरूद्ध हो गई है। गनीमत रही है कि हिमस्खलन होने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन मार्ग बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सड़क बहाली में जुट गए हैं। गौर हो कि रक्षा भू भाग अनुसंधान लगातार हिमस्खलन की आशंका व्यक्त कर रहा है। जिसे देखते हुए लाहुल स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों को घाटी में आने पर रोक लगा दी है। जबकि कुल्लू प्रशासन ने भी अटल टनल को पर्यटकों के लिए बंद रखा था।

हालांकि मौसम साफ हाेने पर आज कुछ देर के लिए पर्यटकों को टनल से आवाजाही की अनुमति दे दी गई।त्रिलोकनाथ के ग्रामीण सुख राम, बुद्धि सिंह व जीत राम ने बताया कि त्रिलोकनाथ उदयपुर बाई पास मार्ग में हिमस्खलन हुआ है। उन्होंने बताया रात के समय हिमस्खलन होने से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता केडी कश्यप का कहना है हिमस्खलन होने से मार्ग अवरूद्ध हो गया है। उन्होंने कहा मार्ग बहाली शुरू कर दी गई है। जल्द ही मार्ग बहाल कर लिया जाएगा।

मौसम साफ रहने पर पर्यटकों के लिए खोली अटल टनल

बुधवार दोपहर को मौसम पूरी तरह से साफ होने पर जिला प्रशासन कुल्‍लू ने पर्यटकों के लिए अटल टनल रोहतांग खोल दी। पर्यटकों को टनल के दूसरे छोर यानी लाहुल स्‍पीति के सिस्‍सू तक जाने की अनुमति दे दी गई। दाेपहर बाद सैकड़ों पर्यटक अटल टनल रोहतांग पार कर लाहुल के सिस्‍सू में पहुंचे व बर्फ में खूब मस्‍ती की। अटल टनल पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। यहां नवंबर माह से लगातार सैलानियों का मेला लगा हुआ है। हालांकि हिमस्‍खलन की चेतावनी के कारण जनवरी व फरवरी में ज्‍यादातर समय टनल बंद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *