1 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के लंबागांव क्षेत्र के कुटाहण गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सनी कुमार मूल रूप से बीड़ बैजनाथ का रहने वाला है और लंबे समय से लंबागांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी काल्टी देवी को किसी काम के सिलसिले में बाहर ले गया था और बाद में दोनों कुटाहण स्थित उसके भाई के घर रुके।
सोमवार तड़के सुबह करीब 4:30 बजे, जब घर के अन्य लोग सो रहे थे, आरोपी ने पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आरोपी का भाई मौके पर पहुंचा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।