रोहड़ू में नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, 83 ग्राम चिट्टे के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

11 फरवरी: शिमला जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय एक चिट्टा तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पंजाब के दो युवकों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को मेहंदी पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान पंजाब निवासी जश्नदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को 83 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया था। इस संबंध में रोहड़ू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की। बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की गई, जिससे ड्रग तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान संभव हो सकी।

इसी क्रम में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान आशीष चौहान (24) निवासी खशधार, चिड़गांव; नवीन शिट्टा (31) निवासी गोक्सवारी, चिड़गांव तथा दीवान चंद (39) निवासी सुंधा, चिड़गांव के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित नेटवर्क की पुष्टि होती है। पुलिस अब तस्करी की पूरी चेन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसे आगे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *