रोहड़ू के कुंजवानी गांव में आग से दो मंजिला मकान राख, लाखों का नुकसान

12 मार्च: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल की चिड़गांव तहसील के कुंजवानी गांव में भीषण आग लगने से दो मंजिला कच्चा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह मकान चंद्रेश्वर प्रसाद और घनश्याम दास का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मकान में कुछ समय से नेपाली मजदूर रह रहे थे। बुधवार शाम अचानक आग लगने से देखते ही देखते पूरा मकान लपटों की चपेट में आ गया। आग में मजदूरों का सामान, बागवानी उपकरण और आटा पीसने की मशीन सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। मकान के पास बने बाड़े में बंद करीब 50 मुर्गियां भी आग में जल गईं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 10 से 11 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *