23 फरवरी: उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत के कटाहर गांव में एक परिवार के घर में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे की है। परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, तभी अचानक घर में आग लग गई। पड़ोसियों की सतर्कता के चलते परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, हालांकि घर में रखा लकड़ी और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पंकज शर्मा उनकी बेटी पर विवाह के लिए दबाव बना रहा था। प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद उसने कथित रूप से धमकी दी थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को लूहरी क्षेत्र से उसकी कार सहित हिरासत में लिया।
एसपी कुल्लू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।