रिड़कमार कॉलेज में वार्षिक ‘नवरंग’ समारोह आयोजित, छात्रों ने बिखेरे रंगारंग रंग

16 फरवरी: राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में सत्र 2025–26 के अंतर्गत वार्षिक सीएससीए सांस्कृतिक समारोह ‘नवरंग’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएससीए अध्यक्ष ममता देवी के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात कार्यवाहक प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया।

समारोह की शुरुआत बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सुहानी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। प्रथम वर्ष की प्रियंका ने पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। सांस्कृतिक समिति की सचिव मीनाक्षी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। तानिया, सिया, वंदना और कशिश ने भी अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं ने हिमाचली लोकनृत्य के माध्यम से स्थानीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की, जबकि बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं ने पंजाबी नृत्य से माहौल में जोश भर दिया। साहित्यिक प्रस्तुतियों में महक, अंजली, सिमरन, सकीना और सुहानी ने पहेलियों और शायरी के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक बनाया।

इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मंच विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम में प्रो. हाकम चंद, प्रो. भूपिंदर सिंह तथा डॉ. आशा मिश्रा सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में सीएससीए सदस्यों एवं महाविद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *