21 मार्च: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे। वह दोपहर बाद सड़क मार्ग से सीधे छराबड़ा स्थित अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर पहुंचे, जहां वे ठहरेंगे।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी का यह दौरा निजी है और वह यहां करीब 3 से 4 दिन तक रह सकते हैं। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। छराबड़ा, कल्याणी हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हालांकि यह दौरा निजी बताया जा रहा है, लेकिन उनकी मौजूदगी से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान वह कुछ स्थानीय नेताओं से अनौपचारिक मुलाकात भी कर सकते हैं। फिलहाल उनका कार्यक्रम पारिवारिक और निजी ही रहने की उम्मीद है।