राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत राजकीय उच्च विद्यालय कोटला कल्लर में अतिथि व्याख्यान

5 मार्च: राष्ट्रीय अविष्कार अभियान 2026 के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय कोटला कल्लर में विद्यार्थियों के लिए विशेष अतिथि व्याख्यानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को गणित, विज्ञान तथा अन्य विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाना तथा भविष्य में उपलब्ध अध्ययन और करियर के अवसरों के बारे में जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से आईं डॉ. राजकुमारी ने विद्यार्थियों को लाइट एनर्जी तथा दशमलव अंकों की अवधारणाएं सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाईं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग से अजय कुमार ने पोषण के विभिन्न चरणों और विशेषकर किशोरावस्था में संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

हॉर्टिकल्चर कॉलेज नेरी से डॉ. विवेक शर्मा ने नंबर सिस्टम और मैट्रिक्स जैसे गणितीय विषयों पर जानकारी दी तथा पौधों और प्लांट टिशू कल्चर की आधुनिक तकनीकों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। डाक विभाग से अंशिका कुमारी ने डाकघर की कार्यप्रणाली और विभिन्न बचत योजनाओं के बारे में बताया, जबकि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक जलाड़ी से राजीव गुप्ता ने बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कृषि एवं बागवानी विभाग से संतोष कुमार ने मधुमक्खी पालन से जुड़े रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी, वहीं कृषि विभाग खंड नादौन से डॉ. अंकुश ने नई कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। सीडीपीओ नादौन से संजय गर्ग ने रेशो, प्रोपोर्शन और बीजगणित जैसे गणितीय विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

स्वास्थ्य विभाग से डॉ. पंकज कुमार, श्रीमती दीपिका और मिस इंदिरा देवी ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विद्यालय अडॉप्टर नीलम शर्मा और विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान मनजीत कौर ने छात्रों को जीवन मूल्यों का पालन करने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी।

विद्यालय की विज्ञान शिक्षिका पूजा और गणित शिक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत छात्रों के लिए चार्ट एवं मॉडल प्रदर्शनी, गणित व विज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर मॉडल प्रदर्शनी और गणित-विज्ञान ओलम्पियाड भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और व्यवहारिक ज्ञान का विकास हो रहा है तथा उन्हें नवाचार और शोध के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *