18 मार्च: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में मंगलवार रात एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। दत्तनगर क्षेत्र में ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारी और इसके बाद भद्राश के पास खड्ड में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर से कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद ट्रक करीब 30–35 फीट नीचे खड्ड में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष, निवासी शिलगांव (शिमला) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।