12 अप्रैल: शिमला जिले के रामपुर में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक भवन और सड़क किनारे खड़ी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:20 बजे एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर भवन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास खड़ी कार को भी भारी नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से डंपर को हटाया गया। जांच के दौरान चालक राजत (26), निवासी नेपाल, मृत अवस्था में पाया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।