25 फरवरी: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के तकेलच में एक दुखद हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की गहरी खाई में गिरने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा 23 फरवरी को हुआ। मृतका की पहचान कविता (13), पुत्री बिटू, निवासी गांव पाट दामिणी, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आठवीं कक्षा की छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान तकेलच क्षेत्र में रास्ते से गुजरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में गिर गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने छात्रा को गंभीर अवस्था में महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस कॉम्प्लेक्स, खनेरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही एएसआई सतविंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार, विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।