14 फरवरी: उपमंडल रामपुर के अंतर्गत नरेन गांव में शुक्रवार दोपहर एक दो मंजिला कच्चे मकान में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग ने तेजी से फैलते हुए मकान के आठ कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार का अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार मकान स्थानीय निवासी लछु राम का था, जो अपने तीन बेटों रविंद्र कुमार, शिशुपाल और केवल राम के साथ वहां रह रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान बाहर निकालने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना की सूचना पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 12,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही राशन और आवश्यक वस्तुओं की भी व्यवस्था की गई है। फिलहाल परिवार को रिश्तेदारों के यहां अस्थायी रूप से ठहराया गया है।
एसडीएम ने बताया कि राजस्व विभाग को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जा सके। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।