6 मार्च: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा के नामांकन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस को चुनाव को लेकर कोई डर नहीं था, क्योंकि जिन विधायकों में नैतिकता नहीं थी, वे पहले ही बिक चुके थे।
सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा अगर अपना उम्मीदवार भी उतारती तो उसे हार का सामना करना पड़ता, क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस के 40 विधायक पार्टी की विचारधारा से जुड़े और प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की धारा मजबूत है और अब पार्टी में बिकने वाले लोग नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक ऐसे कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए चुना है, जिसने अपना राजनीतिक जीवन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से शुरू किया और तीन दशक से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब किसी पुराने और समर्पित कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट मिलता है तो इससे प्रदेश के अन्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें भी पार्टी में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा प्रत्याशी के चयन को लेकर पहले ही तय कर लिया गया था कि उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश से ही होगा। उन्होंने कहा कि बाहर के उम्मीदवार से कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हो सकती थीं, इसलिए प्रदेश के ही कार्यकर्ता को मौका दिया गया।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस ने अनुराग शर्मा को प्रत्याशी बनाकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। लंबे समय से कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन नामांकन के दिन पार्टी ने अचानक अनुराग शर्मा के नाम की घोषणा कर सबको चौंका दिया।