30 मार्च: सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में एचआरटीसी बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, निगम की बस चूरवाधार मार्ग से गुजर रही थी। सड़क संकरी होने के कारण चालक बस को धीरे-धीरे निकाल रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने बस को रोक लिया और चालक के साथ बहस करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने बस की खिड़की खोलकर चालक पर हमला किया और उसकी वर्दी तक फाड़ दी।
स्थिति गंभीर होने पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को रोक दिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बाद में वह बस को सुरक्षित गंतव्य तक ले गया और राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
घटना के बाद एचआरटीसी चालक संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। कर्मचारियों ने सरकार से चालकों और परिचालकों की सुरक्षा के लिए सख्त नियम बनाने की मांग की है।
पुलिस ने चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।