आवाज ए हिमाचल
रवि दत्त भारद्वाज,राजगढ़
26 जनवरी : उपमंडल मुख्यालय राजगढ़ में 77वां उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्थानीय प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह में क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
समारोह के मुख्य अतिथि तहसील पच्छाद प्रवीण कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, होमगार्ड एवं अन्य टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
संविधान और लोकतंत्र की मजबूती पर दिया संदेश
मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे मजबूत और व्यापक संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम बने समारोह का आकर्षण
समारोह के दौरान स्थानीय विद्यालयों एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से पूरा पंडाल गूंज उठा।
उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिला सम्मान
इस अवसर पर शिक्षा, समाज सेवा, खेल, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को स्थानीय प्रशासन द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों का उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।