5 अप्रैल: पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत खालटू गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष में हरकीरत सिंह पुत्र मेजर दलजीत सिंह निवासी सेक्टर-42सी चंडीगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 3 अप्रैल को वह दर्पण कुमार निवासी गांव व तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के साथ अपने दोस्त अभिषेक कटोच की जमीन पर मजदूरों के साथ कंटीली तार लगाने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जब वे गेट के पास पहुंचे तो स्थानीय निवासी मनमोहन सिंह और ऋषभ चौहान ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
वहीं, दूसरे पक्ष में मनमोहन सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी गांव खालटू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सड़क के नीचे उनकी पुश्तैनी जमीन है। उनके अनुसार, राजेंद्र रावत ने जमीन से 6 फुट रास्ता लेने की बात 12.50 लाख रुपये में तय की थी, लेकिन बाद में सड़क 12 से 14 फुट चौड़ी बना दी गई। इसके एवज में उन्हें केवल 5.50 लाख रुपये दिए गए और शेष भुगतान का वादा पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि सड़क बनने के बाद उन्होंने पशुओं की सुरक्षा के लिए लिंक रोड पर गेट लगाया था और कई बार भुगतान की मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप है कि 3 अप्रैल को हरकीरत सिंह, दर्पण सिंह और मजदूर गाड़ी में वहां पहुंचे और बिना अनुमति गेट के अंदर घुस गए। जब उनसे कागजात के बारे में पूछा गया तो विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर उन पर व उनके बेटे पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, जिसके बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।