26 फरवरी: राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में वाणिज्य विभाग, करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रकोष्ठ तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चितकारा विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. संजीव दोसांज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. सुरिंदर कुमार एवं डॉ. शिवानी के नेतृत्व में आयोजन का सफल संचालन किया गया। कॉमर्स एंड मैनेजमेंट सोसाइटी तथा आईक्यूएसी के अंतर्गत करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रकोष्ठ की इसमें अहम भूमिका रही।
अपने संबोधन में प्रो. संजीव दोसांज ने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, कौशल विकास और निरंतर सीखने की आदत ही सफलता की असली कुंजी है।
उन्होंने स्नातक के बाद प्रबंधन क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही वर्तमान शिक्षा प्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की बढ़ती भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में एआई का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
अंत में प्राचार्य डॉ. विश्वजीत सिंह ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।