राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा तन्वी भट्ट ने प्रथम सेमेस्टर में यूजीसी-नेट उत्तीर्ण कर बनाया नया कीर्तिमान

17 फरवरी: हाल ही में घोषित यूजीसी-नेट परीक्षा परिणामों में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के अंग्रेज़ी विभाग की छात्रा तन्वी भट्ट ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एम.ए. अंग्रेज़ी के प्रथम सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए उन्होंने पहले ही प्रयास में यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। तन्वी ने 94.17 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए।

यह उपलब्धि विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि प्रथम सेमेस्टर में रहते हुए यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करना अत्यंत दुर्लभ है। तन्वी भट्ट, बरर्डू राम और सपना की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरा संस्थान और प्रदेश गर्व महसूस कर रहा है।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने तन्वी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि तन्वी की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश शर्मा ने कहा कि प्रथम सेमेस्टर में रहते हुए यूजीसी-नेट उत्तीर्ण करना उनकी लगन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तन्वी भविष्य में अकादमिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगी।

इस अवसर पर विभाग के सह-आचार्य डॉ. हर्षा राणा, डॉ. आरती चंदेल, डॉ. पूजा शांडिल, डॉ. शैली डडवाल एवं प्रो. हर्ष गुलेरिया भी उपस्थित रहे। सभी ने तन्वी को शुभकामनाएं देते हुए इसे विभाग और महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *