राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में बी.वॉक विभाग का अतिथि व्याख्यान, गोल्डन ट्यूलिप जालंधर के साथ एमओयू

25 फरवरी, तरसेम जरयाल: राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के बी.वॉक (आतिथ्य एवं पर्यटन) विभाग द्वारा एक ज्ञानवर्धक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोल्डन ट्यूलिप जालंधर की टीम से एचआर मैनेजर सुश्री दीपशिखा, एग्जीक्यूटिव शेफ श्री सनी कटोच तथा सेल्स हेड सुश्री मनप्रीत कौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को आतिथ्य उद्योग की कार्यप्रणाली, करियर संभावनाओं, आवश्यक व्यावसायिक कौशल, ग्राहक सेवा मानकों तथा होटल उद्योग की चुनौतियों और अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक ज्ञान, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और प्रभावी संचार कौशल के महत्व पर विशेष बल दिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजू चौहान एवं नोडल अधिकारी प्रो. कंचन रनौत की गरिमामयी उपस्थिति रही। बी.वॉक विभाग के वोकेशनल ट्रेनर श्री आशीष देव, श्री नितेश तथा श्री प्रशोतम भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय ढलियारा और गोल्डन ट्यूलिप जालंधर के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण (OJT), इंटर्नशिप, विशेषज्ञ व्याख्यान, औद्योगिक भ्रमण तथा प्लेसमेंट के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल उद्योग और शिक्षा के बीच सशक्त समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *