5 मार्च: ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैड़ी में चल रहे मेले के दौरान गुरुद्वारा मंजी साहिब के पास सेक्टर-2 की फ्री पार्किंग में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे लोगों ने पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर वह मृत मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके मुंह से खून निकल रहा था। मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मृत्यु के कारणों का पता मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।