15 फरवरी: पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में बिना वैध वीजा के ठहरे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। हाल ही में एक चीनी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने युगांडा की एक महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार थाना मैक्लोडगंज की पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान योंगलिंग स्कूल के समीप सीढ़ियों पर बैठी एक विदेशी महिला से पूछताछ की गई। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि उसका वीजा 31 दिसंबर को समाप्त हो चुका था, जबकि वह अब भी क्षेत्र में रह रही थी।
महिला ने पुलिस को अपने पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक यात्रा अनुमति की फोटो प्रति मोबाइल में दिखाई। मूल पासपोर्ट के संबंध में उसने बताया कि वह युगांडा दूतावास, नई दिल्ली में जमा है। ऑनलाइन रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर अधिक अवधि तक ठहरने की पुष्टि हुई।
सूत्रों के अनुसार महिला क्षेत्र के एक निजी भवन में रह रही थी। पुलिस ने भवन मालिक से विदेशी नागरिक से संबंधित सी-फॉर्म और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि युगांडा निवासी शमीम नाटूकुंडा के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की धारा 23 (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में ठहरे सभी विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की नियमित जांच की जा रही है।