6 मार्च: अमरीका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के बीच युद्ध छठे दिन और तेज हो गया है। इस बीच ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को अमरीका, इजरायल, यूरोप और उनके सहयोगी देशों के जहाजों के लिए बंद करने का ऐलान कर दिया है।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने चेतावनी दी है कि यदि इन देशों का कोई जहाज इस जलमार्ग से गुजरने की कोशिश करता है तो उस पर हमला किया जाएगा। हालांकि ईरान ने संकेत दिया है कि भारत सहित कुछ देशों के जहाजों के लिए यह मार्ग पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, जिससे भारत की तेल आपूर्ति को फिलहाल राहत मिल सकती है।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के करीब 20 फीसदी समुद्री तेल परिवहन का प्रमुख रास्ता है। इसके बंद होने से वैश्विक व्यापार और ऊर्जा सप्लाई पर असर पड़ा है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
उधर, युद्ध के दौरान अमरीका और इजरायल ने ईरान के कई सैन्य और नागरिक ठिकानों पर हमले किए हैं, जबकि ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइलों से जवाबी कार्रवाई की है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और गंभीर हो गई है।