8 अप्रैल: क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेव खड्ड में छापेमारी कर एक जेसीबी और एक टिप्पर को जब्त किया है। मौके पर जेसीबी मालिक सुनील उर्फ गोलू को भी काबू किया गया, जो अवैध खनन में संलिप्त पाया गया।
जानकारी के अनुसार माइनिंग इंस्पेक्टर हेमराज के नेतृत्व में टीम ने रात्रि गश्त के दौरान महादेव खड्ड में दबिश दी। कार्रवाई में दोनों वाहनों को मौके पर ही कब्जे में लिया गया। विभाग ने नियमों के तहत जेसीबी पर 80 हजार और टिप्पर पर 25 हजार रुपए का चालान किया है।
माइनिंग इंस्पेक्टर हेमराज ने बताया कि जिला माइनिंग अधिकारी के निर्देशों पर अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।