24 फरवरी: जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी स्थित मलाणा गांव में सोमवार शाम एक रिहायशी मकान में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार आग खीमीराम के तीन मंजिला पुश्तैनी मकान की ऊपरी मंजिल से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण अग्निशमन दल की पहुंच में समय लग सकता था, ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन और जांच कर रही हैं।
प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।