6 मार्च: मनाली के करजां गांव में देर रात अचानक भीषण आग लगने से एक दो मंजिला मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान का ऊपरी हिस्सा लपटों की चपेट में आ गया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
जानकारी के अनुसार रात के समय जब गांव के लोग अपने घरों में आराम कर रहे थे, तभी निहाल चंद के मकान की ऊपरी मंजिल से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग लगने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मनाली और पतलीकूहल से दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
संकरी गलियों और रात के अंधेरे के बावजूद ग्रामीणों ने भी दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
इस हादसे में मकान का ऊपरी हिस्सा काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार मकान मालिक निहाल चंद को करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के घरों और करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मनाली अग्निशमन केंद्र के प्रभारी सरनपत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।