मखनूमाजरा गोलीकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर ली थी जिम्मेदारी

6 मार्च: बद्दी के मखनूमाजरा क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मखनूमाजरा गोलीकांड को लेकर पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस लगातार विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 17 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।

जांच के दौरान सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा इस गोलीकांड की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान सतीश चंदेल पुत्र स्वर्गीय प्रभु दयाल, निवासी गांव माजरा मेहताब, डाकघर व तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) के रूप में की।

पुलिस ने वीरवार को सतीश चंदेल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जा सकती है।

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीकांड से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *