मंडी हत्याकांड: 19 वर्षीय छात्रा का आरोपी जंगल से गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

13 अप्रैल: सरकाघाट के नैण गांव में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों बाद जंगल क्षेत्र से दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह छात्रा की रास्ते में हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी को पुलिस थाना लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद नैण गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल है। छात्राओं और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सरकाघाट थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *