13 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में हुई छात्रा हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय छात्रा सिया, पुत्री जोगिंदर सिंह, रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। नैण गांव के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोककर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के कारणों का पता लगाया जा रहा है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।