12 मार्च: मंडी जिले में एचआरटीसी बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब दिल्ली से मनाली जा रही परवाणू डिपो की बस मंडी बस स्टैंड के पास एक ढाबे पर रुकी थी।
बताया जा रहा है कि बस चालक भास्कर गौतम और परिचालक ललित कुमार चाय पीने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान दो युवक बस के अंदर पहुंचे और सो रहे यात्रियों को जगाकर उनसे आधार कार्ड दिखाने की मांग करने लगे। चालक और परिचालक द्वारा विरोध करने पर दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हाथापाई के दौरान चालक की वर्दी फट गई, जबकि परिचालक के चेहरे पर चोट लगी। इस दौरान कंडक्टर का बैग भी नीचे गिर गया, जिससे टिकट मशीन और नकदी सड़क पर बिखर गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान सनत शर्मा निवासी जंजैहली और शशि शर्मा निवासी मंडी के रूप में की है। थाना सदर मंडी में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।