4 अप्रैल: मंडी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर के सौली खड्ड स्थित एक होटल में छापेमारी कर पंजाब के एक व्यक्ति को 22 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सदर पुलिस को शुक्रवार रात एक गुप्त सूचना मिली थी कि सौली खड्ड क्षेत्र के एक होटल में ठहरा बाहरी राज्य का व्यक्ति नशीले पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी और संदिग्ध कमरे की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से 22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान हाकम सिंह निवासी गांव मटोरड़ा, डाकघर भादसोन, तहसील नाभा, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे मंडी में किसे सप्लाई करने वाला था।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगामी जांच जारी है।