मंडी में सर्च ऑपरेशन के दौरान तेंदुए का हमला, वनकर्मी घायल

2 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के कलाऊ-अमरोहा क्षेत्र में तेंदुए के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। मानव बस्तियों के नजदीक घूम रहे तेंदुए ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक वनकर्मी पर अचानक हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सोमवार सुबह ग्रामीणों की शिकायतों के बाद वन विभाग की टीम बीओ विजय कुमार के नेतृत्व में करीब 11:30 बजे मौके पर पहुंची। टीम का नेतृत्व कर रहे बहुद्देश्यीय कर्मचारी जोगिंदर सिंह जैसे ही झाड़ियों के समीप पहुंचे, वहां पहले से छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

हमले में जोगिंदर सिंह के चेहरे और पैरों पर तेंदुए के दांत और नाखूनों से गहरे जख्म आए हैं। मौके पर मौजूद वनकर्मियों और ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर और लाठियों से तेंदुए को खदेड़ा, जिसके बाद तेंदुआ घायल अवस्था में जंगल की ओर भाग गया। घायल वनकर्मी को तत्काल सरकाघाट के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

घटना की जानकारी डीएफओ सुकेत राकेश कटोच को दे दी गई है। वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और तेंदुए को पकड़ने के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल के गहरे हिस्से में छोड़ा जाएगा या पिंजरे में कैद किया जाएगा। फिलहाल इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *