1 अप्रैल: नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत मंडी पुलिस ने औट गेट के पास कार्रवाई करते हुए 415 ग्राम चरस बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के संगरूर जिले के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, एएसआई राजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम औट गेट पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में रखे एक बैग से 415 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही कार सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान रोहित कुमार (33) और अमृत पाल सिंह (28) के रूप में हुई है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।