13 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जब वह गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव के पास पहुंची, तो बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उसे रोका और तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
मृतका की पहचान सिया (19), पुत्री जोगिंद्र सिंह, निवासी गांव नैण, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।