मंडी पहुंची विजय मशाल,मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सम्मानित किए 1971 युद्ध शहीदों के परिजन

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

05 सितंबर।मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सेरी मंच मंडी में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे स्वर्णिम विजय वर्ष के अवसर पर विजय मशाल ग्रहण की। विजय मशाल यात्रा के स्वागत के लिए ऐतिहासिक सेरी मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल 1971 में पाकिस्तान पर भारत की शानदार विजय की याद दिलाता है, बल्कि यह बांग्लादेश के जन्म की कहानी भी बताता है।यह विजय भारतीय सैनिकों के सामरिक कौशल और वीरता का जीता-जागता दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 दिसंबर, 2020 को विजय मशाल जलाकर स्वर्ण विजय वर्ष समारोह आरंभ किया था, तब से विजय मशाल देशभर की यात्रा कर रही है। मुख्यमंत्री ने 1971 के युद्ध शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया। उन्होंने साइकिलिंग अभियान को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सेना के जवानों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम

इससे पूर्व मुख्यमंत्री और लेफ्टिनेंट जनरल पीएन अनंथानारायणन ने मंडी में शहीद स्मारक का दौरा किया और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। 16वीं राइजिंग स्टार कॉर्प्स योल के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पीएन अनंथानारायणन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ 1971 का युद्ध भारत के लिए निर्णायक क्षण था, क्योंकि इस युद्ध से भारत ने पाकिस्तान पर अपना वर्चस्व स्थापित किया था। हिमाचल प्रदेश न केवल देवभूमि है, बल्कि एक वीर भूमि भी है। राज्य के हजारों युवा देश के सशस्त्र बलों में सेवाएं दे रहे हैं। सेना के जवानों एवं अन्य सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

ये रहे मौजूद 

मुख्यमंत्री की पत्नी एवं हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की प्रदेश रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर, लेफ्टिनेंट जनरल पीएन अनंथानारायणन की पत्नी अर्पणा अनंथ, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक राकेश जंवाल, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर, अनिल शर्मा, कर्नल इंद्र सिंह और प्रकाश ठाकुर, जिप अध्यक्ष मंडी पाल वर्मा, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, ब्रिगेडियर संदीप शारदा, कर्नल अनूप अलगराजन और पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *