6 मार्च:चुराह से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज से जुड़े एक मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय में वीरवार को आरोप तय कर दिए गए। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को निर्धारित की है। उस दिन विधायक और शिकायतकर्ता को अदालत में उपस्थित होना होगा।
जानकारी के अनुसार अदालत में शिकायतकर्ता के बयान कैमरे के सामने दर्ज किए जाएंगे। सुनवाई के दौरान विधायक डॉ. हंसराज भी अदालत में पेश हुए।
मामले की शुरुआत 7 नवंबर 2025 को हुई थी, जब चुराह क्षेत्र की एक युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद महिला थाना चंबा में पोक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं
के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विधायक ने 10 नवंबर 2025 को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। अदालत ने 11 नवंबर को उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत दी थी, जो 22 नवंबर तक प्रभावी रही। बाद में 22 नवंबर को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 27 नवंबर 2025 को अंतरिम जमानत को नियमित जमानत में बदल दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने विधायक से चार बार पूछताछ की, जबकि उनकी पत्नी का भी एक बार बयान दर्ज किया गया। मामले की आगे की सुनवाई अब 30 मार्च को होगी।