आवाज ए हिमाचल
11 सितंबर।हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित चंबा जिले में भाजपा कार्यकर्ता लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। नूरपुर से चंबा जिला के लिए पांच ट्रक राहत सामग्री रवाना की गई। इसके तुरंत बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल और नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शुरू किया।भाजपा नेताओं ने सबसे पहले भटियात विधानसभा क्षेत्र का रुख किया, जहां उन्होंने आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें राहत सामग्री बांटी गई। इसके उपरांत वे डलहौजी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे और यहां भी कई जगहों पर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। बिंदल ने कहा कि अनेक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई स्थानों पर भूमि धंस गई है, जिस पर दोबारा मकान बनाना संभव नहीं है।इस मौके पर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक विपिन सिंह परमार और पूर्व विधायक विक्रम जरयाल भी मौजूद रहे।डलहौजी प्रवास के दौरान डॉ. बिंदल और जयराम ठाकुर ने विस्थापित परिवारों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक डी.एस. ठाकुर भी उनके साथ थे। इसके बाद उन्होंने चुराह विधानसभा का दौरा किया, जहां विधायक डाॅ. हंसराज ने उनका मार्गदर्शन किया। पूरे दिनभर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि यह त्रासदी बेहद पीड़ादायक और कष्टदायक है।प्रातः 9 बजे से शुरू हुए दौरे के दौरान भाजपा नेताओं ने चंबा विधानसभा क्षेत्र का भी भ्रमण किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक विपिन सिंह परमार, विधायक डॉ. हंसराज, विधायक डी.एस. ठाकुर, विधायक डॉ. जनकराज और पूर्व विधायक पवन नयर भी उनके साथ रहे। यहां भी प्रभावितों को राहत सामग्री बांटी गई।डाॅ. बिन्दल ने कहा कि चंबा जिले में हजारों घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। हजारों एकड़ भूमि तबाह हो चुकी है और शायद ही कोई सड़क बची हो, जो आपदा से प्रभावित न हुई हो। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति को तुरंत बहाल किया जाए।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में राहत सामग्री प्रभावितों तक पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि न केवल प्रदेश के भीतर से बल्कि अन्य राज्यों से भी हिमाचल प्रदेश के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही है। इससे बाढ़ प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।