आवाज़ ए हिमाचल
यशपाल ठाकुर, परवाणू। भारतीय जनता पार्टी कसौली मंडल का संयुक्त मोर्चा सम्मेलन मंगलवार को नगर परिषद परवाणू के कम्युनिटी हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें यूपी से राज्यसभा सांसद अनिल जैन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश भाजपा सचिव डॉ. डेज़ी ठाकुर, जिला सोलन भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, कसौली मंडल अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, भाजपा कसौली मंडल के विभिन्न मोर्चो के अध्यक्ष, पार्षद किरण चौहान, परवाणू भाजपा प्रभारी अवतार जमवाल समेत कसौली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रो से कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।
इस दौरान आगामी लोकसभा चुनावो के दृष्टिगत जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गयी। सांसद अनिल जैन ने डॉ राजीव सैजल व डॉ डेज़ी ठाकुर के साथ परवाणू के गणमान्य लोगो के घर जाकर उन्हें मोदी सरकार की नीतियों से अवगत कराया। इस दौरान बूथ प्रभारियो को जन संपर्क अभियान की किट्स बांटने का कार्य भी शुरू किया गया।
सम्मलेन को संबोधित करते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने उपस्थित लोगों को भाजपा की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया। उन्हें बताया कि भाजपा किस तरह अन्य राजनैतिक दलों से अलग है। उन्होंने कार्यकर्ताओ से आहवान किया की वे पार्टी के साथ नए लोगो को जोड़े।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद अनिल जैन ने बताया की प्रधानमंत्री मोदी के नेत्रत्व में देश में इंक्रीमेंटल चेंज नहीं बल्कि ट्रांसफॉर्मेशन चेंज हुआ है। पिछले 9 वर्षो में देश का स्वरुप ही अलग निकल कर आया है। केंद्र सरकार 110 विभिन्न योजनाओ पर 22 लाख करोड़ रुपए व्यय कर रही है, जिसका लाभ देश के करोड़ों लोग उठा रहे हैं। देश में आज 48 करोड़ लोगों के बैंक खाते हैं, जिनके माध्यम से लोग सरकार की डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम का लाभ उठा रहे है। बिचोलियों का कारोबार ठप्प कर दिया गया है। अब जनता के खाते में सीधे पैसा पहुँच रहा है। 2014 से पहले देश में 13 करोड़ गैस कनेक्शन थे, लेकिन मोदी सरकार के आने के बाद 2019 तक महज पांच वर्षो में 12 करोड़ और लोगो को गैस कनेक्शन से जोड़ा गया। 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को पक्के मकान मिले है। 12 करोड़ लोगो को मुद्रा लोन का फायदा मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओ को आगामी लोकसभा चुनावों में मोदी सरकार की नीतियों को जन जन तक पहुँचाने व नए लोगो को पार्टी से जोड़ने के लिए टिप्स भी दिए।