भरवाईं क्षेत्र में अवैध कटान पर कार्रवाई: खैर लकड़ी सहित दो गिरफ्तार, तीन फरार

13 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के भरवाईं क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई बधमाणा बीट के कुनैत रतिया जंगल में की गई।

वन खंड अधिकारी उषा देवी के नेतृत्व में टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में खैर के पेड़ों का अवैध कटान किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पांच लोग आधुनिक कटर की सहायता से लकड़ी काटकर उसे एक ट्राले में लोड कर रहे थे।

वन विभाग की टीम को देखकर तीन व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

मौके से अवैध खैर की लकड़ी से लदा एक ट्राला, दो आधुनिक कटर, कुल्हाड़ियां, गैंतियां तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार और प्रमोद कुमार (निवासी फतेहपुर संजोई, घनारी) के रूप में हुई है।

वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटान के मामलों में विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *