भरमौर/चंबा, 13 फरवरी , तरसेम जरयाल:
भरमौर उपमंडल के ग्राम बाड़ी एवं आसपास के क्षेत्र में अवैध शराब, भांग, जुआ और चिट्टा जैसे मादक पदार्थों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी भरमौर को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे सामाजिक और शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। 9 फरवरी को लगभग 24 वर्षीय युवक की कथित रूप से नशीले पदार्थों के ओवरडोज से मृत्यु होने के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि जिन स्थानों पर अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनके निकट महाविद्यालय और आईटीआई संस्थान स्थित हैं। यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं आसपास किराये के कमरों में रहते हैं, जिससे अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहले अवैध गतिविधियों को बंद करवाने का प्रयास किया गया, लेकिन संबंधित व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से धमकियां दी गईं, जिससे भय का वातावरण व्याप्त है।
प्रार्थना पत्र में प्रशासन से NDPS Act, 1985 (मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम) के तहत सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएगा।