भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला शुरू

Spread the love

प्रदेश के मुख्य सचिव आरडी धीमान ने किया मेले के शुभारंभ , बोले- मेला मां-बेटे के पवित्र रिश्ते का द्योतक

आवाज़ ए हिमाचल 

श्री रेणुका जी। अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के शुभारंभ पर प्रदेश के मुख्य सचिव आरडी धीमान ने ददाहू खेल मैदान में देव अभिनंदन कर देव पालकियों के समक्ष शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात देव पालकियों को कंधा देकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 6 दिन तक चलने वाला रेणुकाजी मेला आरंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच शोभायात्रा शुरू हुई। ददाहू बाजार में इस अवसर पर दर्शनों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने बड़ी ही श्रद्धाभाव के साथ देव पालकियों के समक्ष शीश नवाया और भगवान परशुराम जी के दर्शन किए। शोभायात्रा ददाहू मुख्य बाजार से होते हुए रेणुका जी तीर्थ पहुंची। जहां से भी शोभायात्रा गुजरी, लोगों का हुजूम दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा। इस अवसर पर भगवान परशुराम व माता रेणुका के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में विभिन्न देवालयों से आई देव पालकियों ने भाग लिया। इसके पश्चात मुख्यातिथि ने खेलों का उद्घाटन किया।

मुख्य सचिव आरडी धीमान ने कहा कि सिरमौर जिलं में स्थित श्री रेणुकाजी तीर्थ पुरातन भारतीय संस्कृति से जुड़ा आस्था और श्रद्धा का ऐसा केंद्र है, जहां आज भी हमारी समृद्ध परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। प्रबोधिनी एकादशी से पूर्व दशमी के दिन प्रतिवर्ष भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम अपनी माता श्री रेणुकाजी से मिलने आते हैं। इसी दिन से यह लोक उत्सव आरंभ होता है। मां-बेटे के भव्य मिलन का ऐसा अलौकिक दृश्य शायद की कहीं देखने को मिलता हो। यह मेला मां-बेटे के पवित्र रिश्ते का द्योतक है। रेणुकाजी मेला प्रदेश के महत्वपूर्ण मेलों में से एक है, जिसमें भगवान परशुराम और माता रेणुका के मिलन को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि राज्य की समृद्ध संस्कृति का भी प्रतीक है।

डीसी सिरमौर एवं अध्यक्ष श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड आरके गौतम ने मुख्यातिथि को स्मृतिचिह्न तथा डांगरा भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 6 दिन तक चलने वाले इस मेले में हर रोज हजारों श्रद्धालु आते हैं। श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड का सतत् प्रयास रहा है कि आस्था और श्रद्धा से जुड़े इस रमणीक स्थल को श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाए। इसके लिए हर वर्ष आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि इस पर्यटन स्थल पर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त मनेश कुमार यादव, एसडीएम नाहन एवं सदस्य सचिव श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड रजनेश कुमार और मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीप राम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *