13 अप्रैल: मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब धर्मशाला से होशियारपुर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और तत्परता से कई यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बस जब सिद्ध चलेहड़ मार्ग के पास पहुंची, तो उसके ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गए। इसके चलते बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी श्रद्धालुओं की एक गाड़ी से टकरा गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने हिम्मत दिखाते हुए बस को खाई में गिरने से बचाने के लिए पास की पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। पहाड़ी से टकराने के कारण बस में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। डीएसपी अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।