ब्रेक फेल से खाई में गिरी टेंपो ट्रैवलर, ड्राइवर ने बताई हादसे की असली वजह

5 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। यहां बंजार उपमंडल के घियागी-जालोरा मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

ब्रेक फेल होना बना हादसे का कारण हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और वाहन चालक लियाकत के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर जालोरी से बंजार की ओर लौट रही थी। ‘भरेघा री जान’ नामक स्थान के पास उतराई के दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने ढलान पर गाड़ी को नियंत्रित करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और देखते ही देखते वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 23 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश दिल्ली, राजस्थान और पंजाब के रहने वाले हैं।

तीन की हालत नाजुक वहीं, स्थानीय लोगों और प्रशासन ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बचाव कार्य चलाया। घायलों को पहले बंजार अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। कुल्लू अस्पताल के डॉक्टर हीरालाल ने बताया कि देर रात तक 17 घायल अस्पताल लाए गए, जिनमें से तीन की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें उच्च उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। अन्य 14 घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

शोक की लहर वहीं, इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां सहित कई जनप्रतिनिधियों ने घायलों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या वाहन में क्षमता से अधिक सवारी थी या तकनीकी खराबी के पीछे कोई अन्य कारण रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *