बीबीएन में LPG सप्लाई पर असर, कमर्शियल सिलेंडर बंद होने से उद्योग व होटल परेशान

14 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में पिछले पांच दिनों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की रीफिलिंग और बिक्री बंद होने से उद्योगों, होटल-रेस्तरां और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के चलते फिलहाल 19 किलोग्राम और 47.5 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की रीफिलिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इससे बीबीएन क्षेत्र में कई छोटे उद्योग, फैक्ट्रियां और रेस्तरां प्रभावित हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सप्लाई में आई रुकावट के कारण एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। वहीं घरेलू गैस बुकिंग में भी उपभोक्ताओं को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह गैस एजेंसियों की वेबसाइट और बुकिंग सिस्टम सही से काम नहीं कर रहे, जिसके कारण एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं।

सूत्रों के अनुसार कुछ स्थानों पर एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और अधिक कीमतों पर बिक्री की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि सोलन के जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रवण कुमार ने जिले में एलपीजी की कमी से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर या गैस कंपनियों के आधिकारिक ऐप के माध्यम से भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द एलपीजी आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है, ताकि उद्योगों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *