बिलासपुर में 5.65 ग्राम चिट्टे के साथ 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार

14 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरमाणा थाना पुलिस ने एक युवक को 5.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के जालंधर का निवासी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बरमाणा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान अलसू पुल के समीप एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने वहां से हटने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर पूछताछ की।

नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 5.65 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार युवक की पहचान अमृतपाल सिंह (25) निवासी गांव नागरा, डाकघर नागरा, थाना डिवीजन नंबर-1 सोढल, तहसील जालंधर-1 (पंजाब) के रूप में हुई है।

एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *